Saturday 3 July 2021

Chhutigo pahad vilap : छुटिगो पहाड़ विलाप

बिरखांत – 379 : ‘छुटिगो पहाड़’ का विलाप क्यों ?

     कुछ कुमाउनी- गढ़वाली गीत मुझे यह सोचने पर मजबूर करते हैं कि इनमें ‘छुटिगो पहाड़’ (पहाड़ छूट गया), ‘बिछुडिगो पहाड़’ (पहाड़ बिछुड़ गया) जैसे विरह- विलाप के शब्द क्यों होते हैं ? ऐसा सोचने या कहने की जरूरत क्या है ? हम जो भी पहाड़ (अपने क्षेत्र) से दूर हैं, अपनी मर्जी से हैं | हमने पहाड़ छोड़ा भी अपनी मर्जी से | हमें किसी ने भगाया नहीं, किसी ने निकाला नहीं, किसी ने हमें खदेड़ा भी नहीं, किसी ने ऐसी हरकत भी नहीं की जो हम पहाड़ छोड़ने पर मजबूर हो गए | हमें किसी ने विस्थापित भी नहीं किया, ( टिहरी के गांवों को छोड़ कर ) | दिल्ली, लखनऊ, मुंबई, जयपुर सहित देश के कई मैदानी भागों में उत्तराखंडियों की आवादी लाखों में है | हम प्रवासी भी नहीं हैं, अपने देश में कहीं पर भी रहने पर उसे प्रवासी नहीं कहते | प्रवासी तो वे होते हैं जो दूसरे देश से आते हैं जैसे साइबेरिया से प्रवासी पक्षी आते हैं | 

     यह सत्य है यदि प्रत्येक उत्तराखंडी को राज्य में रोजी-रोटी-रोजगार मिलता या वर्षा आधारित कृषि नहीं होती तो वह मैदानी क्षेत्रों की तरफ खानाबदोष बन कर पलायन नहीं करता | वैसे बौद्धिक पलायन तो सभी को स्वीकार्य है | हम जो भी पहली बार अपने क्षेत्र से आए हमने अपने लिए रोजगार ढूंढा | कुछ वर्ष बीतने के बाद पत्नी संग आई | बच्चे हुए, उन्हें पढ़ाया और उनके लिए भी यहां रोजगार ढूंढा, दामाद या बान भी यहीं ढूंढी | वक्त बीतते गया और हम तीसरी- चौथी पीढ़ी में आ गए | न्योते -पट्टे, दुःख- सुख और भैम (भ्रम-अंधविश्वास) पूजने  हेतु पहाड़ आना- जाना लगा रहा | कुछ लोग कहते हैं कि सेवा-निवृति होने के बाद पहाड़ वापस जाना चाहिए | परिवार के दो फाड़ कौन चाहेगा ?  

     पहाड़ में जीवन पहले ही जैसा है | बुनियादी सुविधायें भी नहीं हैं | ( बी पी एल कार्ड ही जीवन का लक्ष्य नहीं होना चाहिए | ) उम्र गुजरने के बाद क्या कोई पत्नी पुनः दातुली- कुटली चला सकती है ? वह ज़माना चला गया जब बाल -विवाह कर छोटी सी दुल्हन घर में मां- बाप की सेवा कि लिए छोड़ कर लड़का चला जाता था | आज पूर्ण यौवन में विवाह बंधन होता है | कुछ सासू जी जरूर कहेंगी कि बहू उनकी सेवा में गांव में रहे परन्तु बेटी दामाद के संग रहे | विवाह के बाद पत्नी को तो पति के साथ रहना ही चाहिए | मजबूरी के सिवाय कौन पत्नी चाहेगी कि वह पति से दूर रहे और गोपाल बाबू गोस्वामी के विरही गीत (घुघूती न बासा..) गुनगुना कर आंसू टपकाए ? 

     अत: जिसे पहाड़ जाना है जाए, उसे रोक कौन रहा है ? हम विदेश में नहीं हैं | भारत में हैं, भारत हमारी जन्मभूमि है, जी हां भारत माता | हम भारत में कहीं भी रहें उस थाती से प्यार करें परन्तु अपनी भाषा बोलें और इतिहास - सामाजिकता व सांस्कृतिक विरासत को न भूलें, आते- जाते रहें, जुड़ाव रखें क्योंकि यह उत्तराखंड की पहचान है अन्यथा हमें उत्तराखंडी कोई नहीं कहेगा | संकीर्णता छोडें, अपने को भारतवासी समझें और ‘छुटिगो पहाड़’ जैसे विरह- विलाप न करें | यदि इसके बाद भी विरह है तो फिर मसमसाएं नहीं, मणमणाट -गणगणाट न लगाएं, पहाड़ जाने की तैयारी करें | मेरे शब्दों का यह अर्थ न निकालें कि मैं किसी से पहाड़ जाने के लिए मना कर रहा हूं | जय भारत, जय उत्तराखंड | 

पूरन चन्द्र काण्डपाल 

03.07.2021

No comments:

Post a Comment