Wednesday 4 March 2020

Sankalp lene ki himmat :संकल्प लेने की हिम्मत

बिरखांत -308 : संकल्प लेने की हिम्मत

     हमने कई लोगों को कहते हुए सुना है के इस वर्ष गंगा स्नान करने हरिद्वार गया था और बीड़ी-सिगरेट-तम्बाकू छोड़ आया या चाय छोड़ आया या मांसाहार छोड़ आया | अपने प्रण को पूरा करने के लिए लोग गंगा स्नान या कसम का सहारा लेते हैं परन्तु उच्च मनोबल के कमी से  कुछ ही दिनों में प्रण से फिसल जाते हैं | इधर सोशल मीडिया में में भी न्यू ईयर रिसोल्यूसन (संकल्प) की बात कई अनुज-अग्रज कर रहे हैं | कुछ संकल्प यहां दे रहा हूं | ‘जब जागो तब सवेरा’ के मंत्र से अपने मनोबल के सहारे हम इन पर खरे उतर सकते हैं |

     1. सपने (कल्पना) देखें, बिना सपने के हम योजना नहीं बना सकते और न कर्म कर सकते हैं ।

2. फौंक अर्थात बड़बोलापन न करें, जो कहें उसे जरूर करें | कथनी को करनी में जरूर बदलें |

3. ईमानदारी से कार्य करें जिसका हमें पारिश्रमिक मिल रहा है | रात को सोने से पहले इस बारे में अपने से सवाल जरूर करें |

4. समय प्रबंधन जरू करें | सेकेंड के दसवे भाग से मिल्खा सिंह और सेकेंड के सौवे भाग से पी टी उषा को  ओलम्पिक पदक से वंचित होना पड़ा | जो समय को बरबाद करेगा उसे समय कभी माफ़ नहीं करेगा |

5. स्वस्थ रहें, स्वस्थ रहने के लिए भोजन और जीवन शैली पर अनुशासन रखें, जंक फ़ूड न खाएं, नियमित व्यायाम जरूर करें |

6. मुंह को राक्षसी गुफा न बनाएं बल्कि सुख का द्वार बनाएं, जो मिले सो नहीं खाएं, मोटापे से बचें क्योंकि सारी बीमारियों की जड़ मोटापा है |

7. आलस त्यागें, आलस्य मनुष्य का सबसे बड़ा दुश्मन है | प्रातः बिस्तर जल्दी छोड़ें |

8. शराब, धूम्रपान, गुट्का, तम्बाकू, पान मसाला आदि ये सब हमारे दुश्मन हैं | इनसे अपने को दूर रखें | जो आपके निकट भी इन्हें प्रयोग करता हैं उसे गांधीगिरी से मना करें |

9. अपने ऊपर किये गए सहयोग का आभार अवश्य व्यक्त करें तथा अभिवादन करने में पहल करें | ‘आभार’, 'क्षमा करें’, और ‘धन्यवाद’ शब्दों का प्रयोग जरूर करें | इससे ईगो (घमंड,अहंकार) नहीं पनपेगी |

10. चिंता न करें बल्कि चिंतन करें | चिंतन से युक्ति या राह मिलती है |

11. शिष्ट भाषा बोलें, हास्य रस-पान करते रहें तथा प्रसन्न रहें | सैनिक, शिक्षक और शहीद को न भूलें ।

12. व्यस्त रहें, अस्त-व्यस्त नहीं | पुस्तक-समाचार पत्र-पत्रिका से नाता अवश्य जोड़ें |

13. राष्ट्र की सम्पति को अपनी सम्पति समझें चाहे वह पेड़, पार्क, सड़क, बस, रेल कुछ भी हो |

14.भावी पीढ़ी को मोबाइल प्रदूषण से बचाएं । वे क्या देख रहे हैं आपको पता होना चाहिए ।

         इन सभी बातों की चर्चा बच्चों एवं परिजनों से जरूर करें | ये सभी संकल्प हमारी जीवन में साहस, कर्मठता, निडरता, राष्ट्र-प्रेम और सामाजिकता का संचार करते हैं | इन संकल्पों को हम बिना किसी की मदद के आसानी से क्रियान्वित भी कर सकते हैं | फिर देर किस बात की है ? करिए संकल्प और निखारिये अपना व्यक्तित्व |

पूरन चन्द्र काण्डपाल
05.03.2020

No comments:

Post a Comment