Tuesday 16 November 2021

Motapa Madhumeh : मोटापा मधुमेह

बिरखांत-413 : मोटापा- मधुमेह- सूगर- डाइबिटीज

     14 नवम्बर को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं जवाहरलाल नेहरू का जन्मदिन ‘बाल दिवस’ के रूप में मनाया गया | बच्चों के शोषण, कुपोषण, गुमशुदा, भिक्षावृति सहित नोबल पुरस्कृत कैलाश सत्यार्थी के ‘बचपन बचाओ’ आन्दोलन को भी कुछ लोगों ने याद किया | 14 नवम्बर ‘विश्व मधुमेह दिवस’ (वर्ष 1991 से ) भी मनाया जाता है | मधुमेह (डाइबिटीज) अर्थात खून में सूगर (ग्लूकोज) की अधिकता | यह एक ऐसी हालत है जब हमारे शरीर में ग्लूकोज (सूगर) ग्लाइकोजन (सूगर का वह रूप जो खून में होता है) में नहीं बदलने से वह सीधे खून और मूत्र में  बहने लगता है | पंक्रिया ग्रंथि से इन्सुलिन निकलता है जो इस बदलने के कार्य में सक्रीय रहता है | मधुमेह के रोगी को इसी कारण इन्सुलिन दिया जाता है |

     जब हम अधिक मीठा लगातार लेते रहेंगे तो हमारी इन्सुलिन सभी मीठे को ग्लाईकोजन में नहीं बदल सकती | इससे लीवर (कलेजा) के सभी कार्यों पर असर पड़ता है | विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार हमारे देश में साड़े सात करोड़ लोगोंको मधुमेह है जिसमें चालीस वर्ष से कम उम्र के 15 % हैं | चीन, अमेरिका सहित पूरा विश्व इस रोग से परेशान है | प्रति वर्ष इस रोग से विश्व में 42 लाख से अधिक लोगों की मौत हो जाती है | इंडियन कौंसिल फॉर मेडिकल रिसर्च द्वारा की गई “द इंडिया डाइबिटीज स्टडी” में पाया गया कि देश में 15.3 करोड़ आबादी मोटापे से पीड़ित है जो कि 1.3 अरब जनसंख्या का  13% है |  भारत में 7.2 करोड़ लोग मधुमेह से ग्रसित हैं तथा  25 वर्ष से कम उम्र के साठ प्रतिशत से भी अधिक युवा इस रोग से पीड़ित हैं। कोरोना ने भी मधुमेह के रोगियों को अधिक ग्रसित किया।   खान-पान और जीवन शैली जनित यह रोग किसी को भी हो सकता है और माता-पिता से बच्चों में भी जा सकता है |

     यदि आप इस रोग से बचना चाहते हैं तो अपने आहार पर नियंत्रण रखें, प्रतिदिन कम कम से कम 30 मिनट व्यायाम जरूर करें, सुबह पार्क के चक्कर लगाएं अन्यथा डाक्टर के चक्कर लगाने पड़ेंगे | आहार में घी- तेल -मक्खन- मीठा कम लें और मोटापे से बचें | कोल्ड ड्रिंक और जंकफ़ूड -पिजा, बर्गर, चिप्स, मोमोज, फ्राइड फूड्स आदि से बचें | दाल- दलिया- दूध और फल -हरी सब्जियां नियमित लें | बच्चों को ओवरवेट नहीं होने दें क्योंकि सभी रोगों की जड़ मोटापा है | मोटे पेट या कमरा बन गई कमर वाले व्यक्ति को ध्यान से देखें | क्या आप ऐसा बनना चाहेंगे ? निरोग रहना सबसे बड़ी उपलब्धि है | कृपया रोग से स्वयं को, मित्रों को, परिवार को बचाएं तभी भारत तंदुरुस्त रहेगा | अच्छे स्वास्थ्य की चर्चा खास कर अपने पति/पतनी और बच्चों से जरूर करें | किसी ने कहा है – एक न एक समा जला के रखिये, सुबह होने को है माहौल बना के रखिये |

पूरन चन्द्र कांडपाल
17.11.2021

No comments:

Post a Comment